झारखंड: दुमका-भागलपुर स्टेट हाइवे पर हाइवा ने कुचला, दो महिलाओं की मौत, एक युवती गंभीर रूप से घायल

TeamHU: झारखंड के दुमका-भागलपुर स्टेट हाइवे पर हंसडीहा थाना क्षेत्र के कुजी गांव के पास रविवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हुआ, जिसमें तेज रफ्तार हाइवा ने तीन महिलाओं को कुचल दिया। इस हादसे में दो महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवती गंभीर रूप से घायल हो गई। यह घटना अहले सुबह करीब 5 बजे की है।

मृतकों की पहचान हंसडीहा थाना क्षेत्र के महेशखंदा गांव निवासी संदीप दास की पत्नी प्रियंका कुमारी (23) और उसकी चचेरी गोतनी सोनी कुमारी (22), पति रमेश कुमार के रूप में हुई है। घायल युवती पूजा कुमारी (17) भगवानपुर गांव निवासी एकनाथ दास की पुत्री है।

हादसे का कारण

जानकारी के मुताबिक, मृतका प्रियंका कुमारी, सोनी कुमारी और घायल पूजा कुमारी झारखंड पुलिस की तैयारी कर रही थीं। इसी सिलसिले में तीनों महिलाएं रविवार सुबह दौड़ के लिए निकली थीं। जैसे ही वे हंसडीहा-दुमका स्टेट हाइवे पर कुंजी गांव के पास पहुंचीं, तभी हंसडीहा से दुमका की ओर जा रही तेज रफ्तार हाइवा ने उन्हें कुचल दिया।

इस हादसे में प्रियंका और सोनी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पूजा गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे स्थानीय लोगों ने तत्काल एम्बुलेंस से दुमका फूलो झानो मेडिकल कॉलेज पहुंचाया, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।

घटना के बाद तनावग्रस्त माहौल

घटना के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया, जिससे माहौल तनावपूर्ण हो गया। स्थिति को संभालने के लिए जरमुंडी एसडीपीओ संतोष कुमार, सरैयाहाट बीडीओ महेश्वरी यादव, सरैयाहाट थाना प्रभारी ताराचंद यादव, जामा थाना प्रभारी अजीत कुमार और अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर पहुंचे।

स्थानीय विधायक प्रदीप यादव ने भी घटना स्थल का दौरा किया और मृतक महिलाओं के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया। प्रशासन की ओर से मृतका के परिजनों को तत्काल 20-20 हजार रुपये की सहायता राशि दी गई, जिसके बाद जाम हटा लिया गया। स्टेट हाइवे पर जाम की स्थिति करीब 8 घंटे तक बनी रही।

पुलिस ने दोनों महिलाओं के शव को पोस्टमार्टम के लिए दुमका भेज दिया है और दुर्घटनाग्रस्त हाइवा ट्रक को जब्त कर लिया गया है।

 

Leave a Comment

You May Like This