झारखंड: कल्पना सोरेन ने मउभंडार में जनसभा को किया संबोधित, विपक्ष पर साधा निशाना

TeamHU: मउभंडार में आयोजित एक विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए कल्पना सोरेन ने विपक्ष पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कोल्हान वीरों की भूमि है, जहां से पूर्वजों ने अंग्रेजों को खदेड़ दिया था। उन्होंने सभा में उपस्थित लोगों को याद दिलाया कि उनके खून में त्याग और परिश्रम है, और वे कभी झुकने वाले नहीं हैं।

कल्पना सोरेन ने कहा, “आपके मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कभी किसी के सामने झुकने का काम नहीं किया है। उन्होंने विपक्ष की साजिशों का डटकर मुकाबला किया है। अगर हेमंत सोरेन झुक नहीं सकते, तो झारखंड भी कभी झुकेगा नहीं।” उन्होंने यह भी कहा कि झारखंड की संघर्ष यात्रा लंबी है, लेकिन कोल्हान की ऊर्जा से राज्य आगे बढ़ेगा।

महिलाओं से मांगी क्षमा

सभा में कल्पना सोरेन और मंत्री बेबी महतो के पांच घंटे की देरी से पहुंचने पर कल्पना सोरेन ने सबसे पहले महिलाओं से क्षमा मांगी। उन्होंने कहा, “इतनी देर के बावजूद भी आप सभी का यहां रुकना मुझे आगे बढ़ने की ऊर्जा देता है।”

हेमंत सरकार की योजनाओं पर प्रकाश

कल्पना सोरेन ने हेमंत सोरेन सरकार द्वारा महिलाओं के लिए चलाई जा रही योजनाओं की सराहना की। उन्होंने मंइयां योजना का जिक्र करते हुए कहा कि इस योजना के माध्यम से महिलाओं को सम्मान देने का काम किया गया है। उन्होंने यह भी कहा कि विपक्ष को झारखंड की बेटियों के चेहरे की चमक और माताओं की आंखों की दमक से तकलीफ हो रही है, और इसलिए वे योजनाओं के खिलाफ कोर्ट में चले गए हैं।

“झारखंड न झुकेगा, न रुकेगा”

सभा को संबोधित करते हुए कल्पना सोरेन ने जोर देकर कहा, “झारखंड अब तैयार है। विपक्ष चाहे कुछ भी करे, झारखंड न तो झुकेगा और न रुकेगा।” मंत्री बेबी महतो ने भी इस अवसर पर हेमंत सोरेन के नेतृत्व में महिलाओं को मिले सम्मान की सराहना की।

इस सभा के बाद मंत्री बेबी महतो और कल्पना सोरेन ने बहरागोड़ा और चाकुलिया में रोड शो किया, जहां उन्हें भारी समर्थन मिला।

Leave a Comment

You May Like This