TeamHU : झारखंड की स्वास्थ्य व्यवस्था में सुधार की दिशा में एक ऐतिहासिक उपलब्धि दर्ज हुई है। धनबाद मेडिकल कॉलेज अस्पताल में कार्यरत डॉक्टर अली जैद अनवर ने एक महिला मरीज के पेट से 7.5 किलोग्राम वजनी स्प्लीन ट्यूमर को सफलतापूर्वक निकालकर दुनिया में नया कीर्तिमान स्थापित किया है।

इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने डॉक्टर अनवर की सराहना करते हुए इसे “राज्य की स्वास्थ्य नीति और समर्पण की जीत” बताया। उन्होंने कहा,
“यह केवल एक डॉक्टर की नहीं, बल्कि झारखंड की स्वास्थ्य क्रांति की सफलता है। ईमानदारी से काम करने वाले डॉक्टरों को हम सम्मानित करेंगे और उनका मनोबल बढ़ाएंगे।”
विश्व रिकॉर्ड की ओर बढ़ता झारखंड:
मंत्री डॉ. अंसारी ने बताया कि अब तक चिकित्सा इतिहास में किसी महिला के शरीर से निकाला गया सबसे भारी स्प्लीन ट्यूमर 2.5 किलोग्राम था। वहीं, डॉ. अनवर द्वारा निकाला गया 7.5 किलो का स्प्लीन अब गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स और लिम्का बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में दर्ज कराने के लिए प्रस्तावित है।

मंत्री ने कहा – “मैं मंत्री नहीं, पहले डॉक्टर हूं”
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा,
“मैं आलोचना से डरता नहीं, बल्कि उसे सुधार का अवसर मानता हूं। यह उपलब्धि यह साबित करती है कि झारखंड की स्वास्थ्य सेवाएं नई दिशा में आगे बढ़ रही हैं।”
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि स्वास्थ्य क्षेत्र में हर ईमानदार प्रयास को समर्थन मिलेगा और लापरवाही को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
स्वास्थ्य सेवा में ऐतिहासिक क्षण
इस अभूतपूर्व सर्जरी ने न केवल झारखंड, बल्कि पूरे देश को गर्व का अवसर प्रदान किया है। डॉक्टर अनवर की सफलता ने झारखंड को वैश्विक चिकित्सा मानचित्र पर एक नई पहचान दिलाई है।
मंत्री डॉ. अंसारी के नेतृत्व में झारखंड की स्वास्थ्य व्यवस्था पारदर्शिता, जवाबदेही और उत्कृष्टता की दिशा में तेज़ी से बढ़ रही है।